देहरादून। सेलाकुई थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को रविवार देर रात बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र स्थित रडा बाजार निवासी आरिफ ने 21 अप्रैल को अपनी पत्नी शाहीन बानो की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने पत्नी की मौत को बीमारी से हुई बताने की झूठी कहानी गढ़ी थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि शाहीन बानो की मृत्यु गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।

थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि मृतका के पिता लाल मोहम्मद ने 1 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही आरोपी उनकी बेटी से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करता था और उसे प्रताड़ित करता था। घटना के दिन भी आरोपी ने उन्हें बेटी के बीमार होने की सूचना दी, लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि दहेज को लेकर विवाद और पत्नी पर शक के कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। घटना वाले दिन झगड़े के दौरान पत्नी द्वारा लात मारने पर उसने गुस्से में आकर चुन्नी से गला घोंट दिया। बाद में उसने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को बीमारी से मौत की झूठी जानकारी देकर गुमराह करने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।