देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा बुधवार को अपने पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच गईं। दौरे के दौरान वह विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
ऋषिकेश पहुंचने पर कुमारी शैलजा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ ने केरल में बहुमत हासिल कर लिया है और वहां कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हित में काम करने वाली सरकार का उदाहरण पेश करेगी। तमिलनाडु की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां नया नेतृत्व सामने आया है और कांग्रेस ने उसे समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आवश्यक बहुमत भी हासिल कर लिया जाएगा।
अपने दौरे के तहत कुमारी शैलजा गुरुवार को श्रीनगर में पौड़ी जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी, जिसके बाद वह सोनप्रयाग रवाना होंगी। आठ मई को वह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद अगस्त्यमुनि और रुद्रप्रयाग में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
नौ मई को वह चमोली जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगी और शाम को बद्रीनाथ मंदिर पहुंचेंगी। 10 मई को बदरीनाथ धाम में दर्शन के बाद जोशीमठ में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। दौरे के अंतिम दिन 11 मई को चंबा (टिहरी) में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद वह दिल्ली रवाना हो जाएंगी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
