देहरादून। देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। कांवली रोड स्थित सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बजरी से भरा डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था और ढलान के बावजूद उसकी गति काफी तेज थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े करीब 40 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सतेंद्र साहनी के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की। हादसे के बाद डंपर सड़क किनारे टकराकर रुक गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने टायर और लकड़ियां जलाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।

हंगामे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में व्यक्ति की मौत हो गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।