देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम को आगामी चुनावों से पहले भाजपा की बढ़ती राजनीतिक पकड़ के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में मीना शर्मा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महिला कांग्रेस व पूर्व चेयरमैन, रुद्रपुर नगर पालिका), दर्शन लाल आर्य (घनसाली से 2022 के पूर्व विधायक प्रत्याशी) और लक्ष्मी राणा (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, रुद्रप्रयाग व 2017 कांग्रेस प्रत्याशी) शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा, सेवा दल के रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, राम प्रसाद, सुमित राई, दिनेश मौर्य, पूनम गुप्ता (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महानगर कांग्रेस रुद्रपुर), मंजू जैन (महिला कांग्रेस महामंत्री), श्वेता शर्मा, सुदर्शन शर्मा, रिंकू बिष्ट, अरविंद सक्सेना, देवेंद्र प्रसाद जोशी और देव राम रतूड़ी समेत कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा।
इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और विकासपरक सोच से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नेताओं के आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि वे प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए पार्टी के साथ काम करेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दलबदल से राज्य के सियासी समीकरणों पर आने वाले समय में प्रभाव पड़ सकता है।
