देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चार दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अप्रैल को विशेष रूप से कई इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
4 अप्रैल को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 5 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा अन्य जिलों में 6 अप्रैल तक येलो अलर्ट लागू रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं तेज बारिश, गर्जन के साथ बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने का सुझाव दिया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने, आवागमन पर नियंत्रण रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
