देहरादून/शामली। देहरादून और दिल्ली के बीच संचालित दो वॉल्वो बसों पर उत्तर प्रदेश के शामली में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में बसों के शीशे टूट गए, हालांकि यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे देहरादून से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस (संख्या 1010) पर कुछ लोगों ने अचानक पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शुरुआत में चालक को लगा कि यह एक आकस्मिक घटना है, लेकिन लगातार पथराव होने पर उसने बस रोक दी। इसी दौरान दिल्ली से देहरादून आ रही दूसरी वॉल्वो बस (संख्या 8080) पर भी उसी स्थान पर पथराव किया गया।

पत्थर बस के शीशे तोड़ते हुए अंदर जा पहुंचे, जिससे कुछ यात्रियों के हाथों में हल्की चोटें आईं। हालांकि पत्थरों की रफ्तार कम होने के कारण कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। दोनों बसों के आगे और साइड के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

परिवहन निगम ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रमाला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यात्रियों में भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से किसी निजी बस संचालक द्वारा यह घटना करवाई गई हो सकती है।

निगम ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी है और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।