टिहरी। देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत का असर अब उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। टिहरी जनपद के घनसाली में सोमवार को गैस संकट और अंकिता भंडारी के हत्यारों को फांसी देने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

पूर्व विधायक भीम लाल आर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घनसाली बैरियर से इंडियन गैस एजेंसी तक रैली निकाली और प्रदेश सरकार व स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भीम लाल आर्य ने कंधे पर खाली गैस सिलेंडर उठाकर विरोध दर्ज कराया।

उन्होंने कहा कि घनसाली विधानसभा क्षेत्र सीमांत और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां लंबे समय से रसोई गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े होने के बावजूद घनसाली, चमियाला और आसपास के कस्बों में गैस की कमी से होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

वहीं, कांग्रेस नेता प्यार सिंह बिष्ट ने बताया कि चार धाम यात्रा अपने चरम पर है, लेकिन गैस की कमी के कारण होटलों में यात्रियों को भोजन तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी बाधित है, जबकि उपभोक्ताओं ने समय पर बुकिंग कर रखी है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद जोशी ने कहा कि यह प्रदर्शन प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्याओं के समाधान के बजाय केवल दावे कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने जल्द गैस आपूर्ति सुचारू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

You missed