देहरादून। दिल्ली की भीषण गर्मी से राहत पाने की उम्मीद में वीकेंड पर बड़ी संख्या में लोग देहरादून पहुंचे, लेकिन यहां भी मौसम ने निराश कर दिया। राजधानी दिल्ली में रविवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं देहरादून में भी पारा 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का असर लगभग समान महसूस हुआ।

आमतौर पर मई-जून में पड़ने वाली तेज गर्मी इस बार अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही देखने को मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में पर्यटक हर वीकेंड देहरादून और आसपास के इलाकों में सुकून की तलाश में पहुंचते हैं। एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद सफर का समय घटकर ढाई से तीन घंटे रह गया है, जिससे पर्यटकों की आवाजाही और बढ़ गई है।

हालांकि, इस बार देहरादून में भी गर्म हवाओं और तपिश ने लोगों को राहत नहीं दी। यहां पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि दिल्ली की गर्मी और धूल से बचने की उम्मीद यहां आकर भी पूरी नहीं हुई। दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।

शहर में निर्माण कार्यों से उड़ती धूल ने भी हालात को और खराब कर दिया है, जिससे एनसीआर जैसा वातावरण महसूस होने लगा है। स्थानीय लोगों ने दोपहर के समय घरों में रहना ही बेहतर समझा, जबकि शाम के समय राजपुर रोड  पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।

बदलते मौसम के इस रुख ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है।

You missed