हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में एक मुस्लिम परिवार द्वारा स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाने का मामला सामने आया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद शहजाद ने अपने परिवार सहित मंगलवार को वैदिक विधि-विधान के साथ सनातन धर्म को अंगीकार किया। धर्म परिवर्तन के बाद मोहम्मद शहजाद का नाम शंकर और उनकी पत्नी रजिया का नाम सावित्री रखा गया।
यह धार्मिक अनुष्ठान हरिद्वार के चंडीघाट स्थित ब्रह्मकुंड क्षेत्र में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा स्नान से हुई, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ और शुद्धिकरण प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके उपरांत परिवार के सभी पांच सदस्यों को यज्ञोपवीत (जनेऊ) धारण कराया गया और नामकरण संस्कार किया गया।
नामकरण के दौरान परिवार की ज्येष्ठ पुत्री का नाम रुक्मणी, कनिष्ठ पुत्री का नाम दीक्षा और पुत्र का नाम रुद्र रखा गया। परिवार ने सनातन धर्म के जीवन मूल्यों को अपनाने और उसी के अनुसार जीवन यापन करने का संकल्प भी लिया।
यह पूरी प्रक्रिया गौरी शंकर मंदिर गौशाला परिसर में संत राम विशाल दास महाराज के सान्निध्य तथा अरुण कृष्ण महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अनुष्ठान को आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और अनुज शास्त्री ने विधिवत संपन्न कराया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के संतों और पदाधिकारियों ने परिवार का स्वागत किया। कार्यक्रम में बाबा हठयोगी, स्वामी प्रबोधानंद गिरी, अरुण कृष्ण सहित कई संत और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
