उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। “जय बाबा केदार” के जयघोषों के साथ हजारों श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बने। इसी के साथ प्रदेश में बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ भी हो गया है।

कपाटोद्घाटन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा किया। उन्होंने चारधाम यात्रा को भारत की आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक बताते हुए यात्रियों से पांच महत्वपूर्ण संकल्प अपनाने की अपील की। इनमें स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा यात्रा के नियमों का पालन करना शामिल है।

प्रधानमंत्री ने यात्रियों को “डिजिटल उपवास” रखने की भी सलाह दी, ताकि वे उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण को पूरी तरह महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक चेतना का एक महान उत्सव है, जो “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त बनाती है।

गौरतलब है कि गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को पहले ही खोले जा चुके हैं, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे।

चारधाम यात्रा के इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए बाबा केदार से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।