देहरादून। नेपाल में आई भीषण आपदा के बाद उत्तराखंड सरकार ने राहत और सहायता के लिए कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड समेत पूरा देश नेपाल के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि राज्य की ओर से एक राहत टीम नेपाल भेजी गई है, जो वहां रहकर प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने में सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से गहरे सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं। उत्तराखंड की सीमा भी नेपाल से लगती है और राज्य के कई लोगों के नेपाल में रिश्तेदार हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा को लेकर उत्तराखंड के लोगों की संवेदनाएं वहां के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और भारत की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके साथ ही राहत एवं बचाव दल भेजे गए हैं। उत्तराखंड से भेजी गई टीम भी राहत कार्यों में सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तराखंड की टीम करीब आठ से दस दिनों तक नेपाल में रहेगी। टीम के साथ तत्काल राहत कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है। टीम प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और स्थानीय जरूरतों का आकलन करेगी। इसके बाद वहां से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया जाएगा।

वहीं, शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी ने नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक राहत सामग्री ले जा रहे वाहनों के काफिले को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राहत सामग्री का उद्देश्य आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरी सामान उपलब्ध कराना है।

नेपाल में हाल की बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद बचाव एवं राहत अभियान जारी है। ऐसे में उत्तराखंड की ओर से भेजी गई टीम और राहत सामग्री को प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

You missed