Uttarakhand : प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की आहट के साथ ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन कार्यों को सुचारू बनाने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए गृह जनपद में तैनात या किसी एक जिले में लगातार तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारियों व कर्मचारियों को स्थानांतरित किया जाएगा।

चुनावी फेरबदल को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों ने कर्मचारियों की सूची तैयार करना आरंभ कर दिया है। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया के तहत अकेले कुमाऊं मंडल से 300 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मियों को दूसरे जिलों में भेजा जाएगा।

Uttarakhand : 15 वर्षों से चंपावत में ही तैनात हैं परिवहन उप निरीक्षक

निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार, हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नैनीताल के एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा तथा लालकुआं की एसडीएम रेखा कोहली का तबादला होना तय है। परिवहन विभाग में कुमाऊं संभाग से एक एआरटीओ (सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी) के स्थानांतरण की संभावना है।

इसके अतिरिक्त, लगभग 29 परिवहन कर अधिकारी और उप निरीक्षक भी लंबे समय से एक ही स्थान पर टिके हुए हैं। इनमें से एक परिवहन उप निरीक्षक तो बीते 15 सालों से चंपावत जिले से बाहर स्थानांतरित ही नहीं हुए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सब इंस्पेक्टर (एसआई) स्तर तक के जिन भी कर्मियों ने एक जिले में तीन वर्ष से अधिक समय बिता लिया है, उन्हें हटाया जाए।

इस आदेश के चलते पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर दरोगाओं के जिले बदले जाएंगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 250 से अधिक सब इंस्पेक्टर ऐसे हैं जिनका कार्यकाल एक ही जिले में तीन साल से अधिक हो चुका है। इसके साथ ही करीब 25 कोतवाली प्रभारियों (कोतवालों) के तबादले का अनुमान है, जिनमें से अकेले उधम सिंह नगर से 10 और नैनीताल जिले से 4 कोतवाल शामिल हैं।

इसी प्रकार आबकारी विभाग में भी 13 आबकारी निरीक्षकों और अल्मोड़ा के जिला आबकारी अधिकारी का तबादला हो सकता है। फिलहाल जिला स्तर पर सूचियां तैयार की जा रही हैं, जिसके बाद अग्रिम कार्यवाही होगी। संभावना जताई जा रही है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नवंबर माह में स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

Uttarakhand : स्थानांतरित होने वाले पुलिस एसआई और आबकारी निरीक्षकों का विवरण:

जिला पुलिस एसआई आबकारी निरीक्षक
नैनीताल 81 01
ऊधमसिंह नगर 117 04
अल्मोड़ा 26 02
बागेश्वर 05 01
चंपावत 07 04
पिथौरागढ़ 15 01

Also Read : News : उत्तराखंड रोडवेज में’मेड इन चाइना’ ई-टिकट मशीनों से कटेगा सफर का टिकट, हर दिन का किराया ₹6.75 लाख