देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक पदों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची (प्रोविजनल मेरिट लिस्ट) जारी कर दी है। अब चयनित अभ्यर्थियों को अगले चरण के तहत वाहन चालन दक्षता परीक्षा (ड्राइविंग टेस्ट) में शामिल होना होगा।

आयोग के अनुसार, लिखित परीक्षा के परिणाम संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार किए गए हैं। मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को ड्राइविंग टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा, जिसकी तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।

यह भर्ती प्रक्रिया राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 72 वाहन चालक और प्रवर्तन चालक पदों के लिए संचालित की जा रही है। अंतिम चयन लिखित परीक्षा, वाहन चालन दक्षता परीक्षा तथा अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जारी सूची केवल औपबंधिक है और अंतिम चयन आगामी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर होगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और भर्ती से संबंधित सभी जानकारी केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें।