देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित कैप्सूल की आपूर्ति करने का आरोप है।
यह कार्रवाई हरिद्वार के मंगलौर थाने में दर्ज उस मामले की जांच के दौरान की गई, जिसमें संयुक्त अभियान के दौरान 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल खरीदकर देहरादून, हरिद्वार और अन्य क्षेत्रों में अपने नेटवर्क के माध्यम से ऊंचे दामों पर बेचता था।
एसटीएफ की जांच में मिले दस्तावेजों के अनुसार, जनवरी से मई 2026 के बीच आरोपी ने एक ही दवा कंपनी से करीब 35 लाख रुपये के ट्रामाडोल कैप्सूल खरीदे थे। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित दवाओं की खरीद और आपूर्ति की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उसके आर्थिक स्रोतों, अवैध संपत्तियों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसटीएफ ने लोगों से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से दूर रहने और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच लगातार जारी है।
