रानीबाग। भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें पांच साल की मासूम कनक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 06 पी ए 1726) ने बच्ची को सामने से टक्कर मार दी और उसे अपने साथ घसीटते हुए करीब 20 मीटर तक ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कनक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
हादसे के चलते भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तिकोनिया से भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराने के साथ ही यातायात को सुचारू करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं, आरोपी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
