उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सुबह आठ बजे जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, पूरा परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन अवसर के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से धाम पहुंचे।
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की, जिनमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और यात्रा नियमों का पालन शामिल है।
मंदिर को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय करते हुए केदारपुरी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा संपन्न हुई। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड और डमरू की ध्वनि से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पुलिस व आईटीबीपी के जवान तैनात रहे।
कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।
