लोहाघाट। उत्तराखंड हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड के एक गांव में एक छात्र द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, छात्र ने हाईस्कूल परीक्षा में 73 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।

शनिवार को एक सरकारी स्कूल के इस छात्र ने अपने घर के भीतर फंदे में लटककर जान देने की कोशिश की। घटना का पता तब चला जब एक बच्ची ने छात्र को फंदे पर लटका देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए छात्र को नीचे उतारा और उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि छात्र को अचेत अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल चंपावत रेफर कर दिया गया। वहां भी प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. गौरांग जोशी के अनुसार, सिटी स्कैन में फिलहाल कोई स्पष्ट समस्या सामने नहीं आई है, हालांकि दिमाग में आंतरिक चोट या अन्य समस्या की आशंका के चलते एमआरआई के लिए रेफर किया गया है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि छात्र ने अपेक्षा के अनुरूप परिणाम न आने के कारण यह कदम उठाया होगा। बताया जा रहा है कि छात्र के पिता होटल व्यवसाय से जुड़े हैं और परिवार में माता सहित अन्य सदस्य रहते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है।