टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी बांध की झील में लंबे समय से चल रही सी-प्लेन लैंडिंग की कवायद मंगलवार को आखिरकार सफल हो गई। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला सी-प्लेन शाम करीब 5:30 बजे कोटी कॉलोनी स्थित टिहरी झील में सुरक्षित रूप से उतारा गया। इस सफल ट्रायल के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटन विभाग में खासा उत्साह देखा गया।

सी-प्लेन का संचालन Sky One Private Limited (स्काई वन प्राइवेट लिमिटेड) द्वारा किया जा रहा है। कंपनी की ओर से 19-सीटर सी-प्लेन को झील में दो बार सफलतापूर्वक उतारने और उड़ान भरने का परीक्षण किया गया। प्लेन के सफल ट्रायल के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

इस ट्रायल के लिए सुबह से ही पर्यटन और पुलिस विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। हालांकि, मौसम और तकनीकी कारणों से पहले निर्धारित समय में बदलाव करना पड़ा, लेकिन अंततः शाम को यह परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार को भी सी-प्लेन के अतिरिक्त ट्रायल किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सी-प्लेन संचालन के दौरान झील में चल रही बोटिंग गतिविधियों पर कोई असर न पड़े, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा के अनुसार, टिहरी झील में पहली बार इस प्रकार का ट्रायल सफल रहा है और आने वाले दिनों में यह सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

You missed