देहरादून। चारधाम यात्रा 2026 के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की गई है। केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग बुधवार शाम छह बजे से शुरू कर दी जाएगी। यह बुकिंग IRCTC के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही उपलब्ध होगी।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का संचालन 22 अप्रैल से शुरू होगा। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकटों की बुकिंग की जाएगी।
हेली शटल सेवा गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से संचालित की जाएगी, जिससे यात्रियों को सुगम और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा। प्रशासन और आईआरसीटीसी द्वारा सभी तकनीकी और व्यवस्थागत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि बुकिंग प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
सीईओ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग केवल आधिकारिक पोर्टल [https://heliyatra.irctc.co.in](https://heliyatra.irctc.co.in) के माध्यम से ही करें। उन्होंने आगाह किया कि सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत वेबसाइटों पर टिकट बुकिंग के नाम पर फैलाए जा रहे प्रलोभनों से सावधान रहें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह हेली सेवा श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
