रूड़की। रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार हमलावरों ने एक मिस्त्री को निशाना बनाते हुए उस पर देशी तमंचे से कई राउंड फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि मिस्त्री को कोई गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, गांव बिझौली, कोतवाली मंगलौर निवासी गुलशेर ने तहरीर देकर बताया कि वह सुबह करीब नौ बजे बादशाह होटल के पास एक मकान में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान मुजफ्फरनगर के गांव बरला निवासी साकिब ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, साकिब और उसके साथी जस्सी उर्फ सावेज निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर ने उस पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे, जबकि कुछ दुकानों में छिप गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर तमंचा लहराते हुए बाइक पर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आसिफ, साकिब, जस्सी उर्फ सावेज और वसीम उर्फ टुन्नू के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच नगला इमरती में काम को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
