देहरादून। नगर निगम की बोर्ड बैठक के तीसरे दिन शनिवार को मेयर की अध्यक्षता में 365 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में वित्तीय और विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बैठक के दौरान पार्षद किरन द्वारा मेयर के लिए 50 हजार रुपये मासिक भत्ते का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इससे पहले पार्षदों के लिए भी प्रति माह 25 हजार रुपये भत्ते की मंजूरी दी जा चुकी है। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

विकास कार्यों को गति देने के लिए पार्षदों को अब सालाना 50 लाख रुपये की निधि दी जाएगी। साथ ही वार्डों में सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने हेतु प्रत्येक पार्षद को अतिरिक्त 5 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को पार्षदों ने प्रमुखता से उठाया। कई अहम प्रस्तावों में नगर निगम हेलिपैड के पास 1200 वर्गमीटर भूमि अग्निशमन विभाग को फायर स्टेशन के लिए देने, नकरौंदा और बालावाला में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण, और कर अनुभाग के पुराने भवन को ध्वस्त कर नया भवन बनाने का निर्णय शामिल है।

इसके अलावा रेसकोर्स क्षेत्र में बहुमंजिला भवन निर्माण, कूड़ा निस्तारण के लिए 6 करोड़ रुपये से कॉम्पेक्टर खरीद, 30 लाख रुपये से घास काटने की मशीनें, और 100 वार्डों के लिए 500 रिक्शा खरीदने जैसे 15 से अधिक प्रस्ताव पारित किए गए।

वरिष्ठ वित्त अधिकारी भरत चंद्रा ने बैठक में पिछले और वर्तमान वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।