देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पहली सूची में 16 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है।

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, पिथौरागढ़ विधानसभा सीट से काशी सिंह ऐरी को प्रत्याशी बनाया गया है। द्वाराहाट से पुष्प त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत और प्रतापनगर से पंकज व्यास चुनाव लड़ेंगे। वहीं, कर्णप्रयाग सीट से आशीष नेगी, जागेश्वर से दिनेश कुजवाल और राजपुर विधानसभा सीट से देव चंद उत्तराखंडी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

इसके अलावा सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डी.डी. पंत और कपकोट से वरुण चंदोला को टिकट दिया गया है। काशीपुर विधानसभा सीट से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती और रामनगर से भुवन चंद्र को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

देहरादून कैंट सीट से सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेन्द्र सिंह नेगी चुनाव मैदान में उतरेंगे, जबकि खानपुर विधानसभा सीट से रितु कंडियाल जुयाल को उम्मीदवार बनाया गया है। धनोल्टी सीट से चंदन सिंह राणा यूकेडी के प्रत्याशी होंगे।

पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन के लिए फाइव-लेयर सिस्टम अपनाने की बात कही है। केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, सक्रियता और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना चाहती है, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन के लिए काम किया है।

उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी। पहली सूची जारी होने के साथ ही यूकेडी ने प्रदेश की सभी प्रमुख राजनीतिक सीटों पर अपनी दावेदारी मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। अब पार्टी की अगली सूची और चुनावी रणनीति पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

You missed