देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक ने चुनाव के लिए अपने 10 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इसके साथ ही उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस के तहत गठबंधन के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरने वाले तीन अन्य प्रत्याशियों के नाम भी घोषित किए गए हैं।

उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक की ओर से जारी सूची के अनुसार, रायपुर विधानसभा सीट से आशुतोष नेगी, मसूरी से मेजर संतोष भंडारी, कोटद्वार से रोहित डंडरियाल और जागेश्वर से मनमोहन नागरकोटी को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं अल्मोड़ा से नरेंद्र बिष्ट, सोमेश्वर से शिवराम, गंगोत्री से अरविंद बुटोला और पौड़ी आरक्षित सीट से रविंद्र सिंह उर्फ रवि सिंह को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से प्रधान रतन सिंह और सल्ट से बीरेंद्र बंगारी को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस तरह पार्टी ने अपनी पहली घोषित सूची में कुल 10 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम सामने रखे हैं।

वहीं उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस के तहत उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक द्वारा समर्थित तीन अन्य प्रत्याशियों की सूची भी जारी की गई है। इसमें राज्य स्वराज पार्टी के चकराता विधानसभा सीट से बॉबी पंवार, केदारनाथ से त्रिभुवन चौहान और कपकोट से भूपेंद्र कोरंगा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ये प्रत्याशी उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस के तहत समर्थित हैं और गठबंधन के अन्य क्षेत्रीय दलों से भी इन्हें समर्थन मिलने की प्रत्याशा है।

विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्रीय दलों की ओर से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि आगामी दिनों में अन्य क्षेत्रीय दल किस तरह अपनी रणनीति और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हैं।

You missed