ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा किनारे अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। एक शव नाव घाट के पास मिला, जबकि दूसरा साईं घाट के समीप बरामद हुआ। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, नाव घाट के पास मिले शव की उम्र करीब 10 माह बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि बच्ची की मौत बीमारी या किसी अन्य कारण से होने के बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया हो। एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि शव गंगा के तेज बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से बहकर ऋषिकेश पहुंचा हो। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
वहीं, दूसरी घटना साईं घाट के पास सामने आई। यहां गंगा किनारे एक दिन की नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, नवजात की नाल भी नहीं कटी थी। इससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस जन्म के तुरंत बाद बच्ची की मौत होने और उसके शव को घाट के पास छोड़े जाने समेत अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर त्रिवेणी घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ ही बच्चियों की पहचान और उनके परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह और दोनों शवों के गंगा किनारे पहुंचने की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
