हरिद्वार। चर्चित निठारी कांड से जुड़े रहे सुरेंद्र कोली की शुक्रवार को हरिद्वार में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कोली का शव उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में सप्त सरोवर रोड स्थित एक चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला। वह पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रहकर चाय की दुकान चला रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

बताया गया कि यह घटना सप्तऋषि पुलिस चौकी क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने हुई। पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

सुरेंद्र कोली मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले का रहने वाला था। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

निठारी कांड से रहा था संबंध: सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में उत्तर प्रदेश के नोएडा के निठारी कांड में सामने आया था। इस मामले में कोली और मोनिंदर सिंह पंढेर पर कई मामलों में मुकदमे चले थे। हालांकि, लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद कोली को कई मामलों में बरी किया गया और नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उसके खिलाफ अंतिम लंबित मामले में भी दोषसिद्धि को रद्द कर दिया था। इसके बाद वह जेल से बाहर आया था।

हरिद्वार पुलिस अब उसकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

 

You missed