देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 22 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे।

भर्ती में 105 पद अनारक्षित, 39 अनुसूचित जाति, 27 अन्य पिछड़ा वर्ग, 21 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और आठ अनुसूचित जनजाति के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा नियमानुसार विभिन्न श्रेणियों में क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा एक जुलाई 2026 को 18 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। स्केलर पद का वेतनमान लेवल-2 के तहत 19,900 से 63,200 रुपये है।

चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) होगी। पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। इसके बाद गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद में प्रदर्शन करना होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।

शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। लिखित परीक्षा 100 अंकों की और दो घंटे की होगी। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।

आवेदन शुल्क सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित है। अनाथ अभ्यर्थियों से शुल्क नहीं लिया जाएगा।