चमोली। उत्तराखंड के घनसाली तहसील क्षेत्र में मंगलवार देर शाम मूसलाधार बारिश के बाद दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम दोणी में गांव के पास खेल रहा सात वर्षीय बच्चा अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। रातभर चले खोज एवं बचाव अभियान के बाद बुधवार सुबह बच्चे का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी से बरामद किया गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, आरव पुत्र अरविंद, उम्र सात वर्ष, ग्राम दोणी का रहने वाला था। मंगलवार देर शाम वह गांव के पास गदेरे में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बारिश के कारण पानी का बहाव तेज हो गया और बच्चा उसकी चपेट में आकर बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर घनसाली थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश के लिए तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने देर रात तक आसपास के क्षेत्रों और नदी में बच्चे की तलाश की। अंधेरा होने के बावजूद अभियान जारी रखा गया, लेकिन रात में बच्चे का पता नहीं चल सका।

बुधवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, बच्चे के शव को सीएचसी बेलेश्वर ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद ग्राम दोणी में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You missed