उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनाया गया नया बैली ब्रिज पूरी तरह तैयार हो गया है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बुधवार से इस पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है, जिससे कई दिनों से प्रभावित यात्रा फिर से सुचारु हो सकेगी।

बीते सप्ताह भारी बारिश और भूस्खलन के कारण स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते चारधाम यात्रा प्रभावित हुई और यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया।

मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग किमी 80+300 पर गैबियन सुरक्षा दीवार का निर्माण भी कर रहा है। यह कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और विभाग का लक्ष्य इसे जल्द पूरा कर सड़क को पूरी तरह यातायात के लिए खोलना है। अधिकारियों के अनुसार, बैली ब्रिज तैयार होने से वैकल्पिक आवागमन संभव होगा और सुरक्षा दीवार बनने के बाद मार्ग पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित रहेगा।

एनएच विभाग की मशीनें और कर्मचारी लगातार मौके पर तैनात हैं और मार्ग बहाली का काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी रहती है, इसलिए यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

You missed