ऋषिकेश। ऋषिकेश के वार्ड नंबर 10 स्थित सदानंद मार्ग पर शुक्रवार को बिजली के एक पोल में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना उस समय हुई जब पोल पर बिजली और केबल तारों का भारी जंजाल होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए इलाके की विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली पोलों पर फैले अव्यवस्थित तार और केबल हादसों की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने और तारों के जंजाल को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
