हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित कस्सबान मोहल्ले में सीवरेज पंपिंग स्टेशन के पीछे गंगनहर से एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जल पुलिस की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
स्थानीय लोगों ने शुक्रवार देर रात गंगनहर की झाड़ियों में शव फंसा देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है और वह विवाहित प्रतीत हो रही है। चंद्रभान सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। महिला की पहचान कराने और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
इधर, हरिद्वार पुलिस ने 35 वर्ष पहले झांझर से लापता हुए एक किसान के शव की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई। तीन दिन पहले हरिद्वार के एक मंदिर परिसर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक के हाथ पर गुदे नाम के आधार पर पहचान संभव हो सकी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को खोज निकाला। मृतक की पहचान उदयवीर के रूप में हुई। बड़े भाई ने शव की पहचान करते हुए भावुक होकर कहा कि पुलिस के प्रयासों के कारण ही उन्हें अपने भाई के अंतिम दर्शन हो सके। शुक्रवार को खड़खड़ी श्मशान घाट में विधि-विधान के साथ उदयवीर का अंतिम संस्कार किया गया।
