अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या यूके 04एफ6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। आसपास वाहन दिखाई नहीं देने पर कार के खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही भतरोंजखान थाना पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, एसडीआरएफ, आपदा कंट्रोल, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन सड़क से लगभग 150 मीटर नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला। कार में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष, के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
जानकारी के मुताबिक तीनों लोग जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
