चमोली। बीते कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। विशेष रूप से बदरीनाथ धाम में देर शाम हुई बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया और ठंडक लौट आई।

मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई जिलों में बारिश और अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई थी, जो अब वास्तविकता में देखने को मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल समेत पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।