हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, उन्हें देश से बाहर किया जाएगा और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गृह मंत्री ने कहा कि “केदारनाथ से कन्याकुमारी तक राहुल बाबा जितना विरोध करना चाहें कर लें, लेकिन उन्हें हर चीज में नकारात्मकता ही दिखाई देती है।” उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। शाह ने कहा कि देश में तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करने का काम भाजपा सरकार ने किया है।

कार्यक्रम के दौरान शाह ने कहा कि यूसीसी लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। उनके अनुसार यह कानून जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने में भी सहायक होगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक हाईपावर कमेटी भी बनाई जाएगी, जो जल्द काम शुरू करेगी।

गृह मंत्री ने कांग्रेस से विकास कार्यों का हिसाब मांगने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उत्तराखंड के विकास के लिए 1.87 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के विकास, दिल्ली–देहरादून मार्ग और 30 राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण पर भी बड़ा खर्च किया गया है।

कार्यक्रम में शाह ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए पांच शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने लगभग 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

इससे पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री का स्वागत किया और उन्हें उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी भेंट कर सम्मानित किया। शाह ने अपने दौरे के दौरान हरिद्वार में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग लिया और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।