मौसम mausam

उत्तराखंड में बीते दिनों से चटख धूप खिलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। तेज धूप के कारण मैदानी इलाकों में दिन में गर्मी का एहसास होने लगा था। लेकिन एक बार फिर से प्रदेश में मौसम करवट बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पर्वतीय इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।

उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम

प्रदेश में आज पहाड़ों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर  जिले में हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में आज मौसम शुष्क बना रहेगा।

13 से 15 मार्च तक बारिश का येलो अलर्ट

आने वाले दिनों मे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 13 मार्च से लेकर 15 मार्च तक पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग द्वारा इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों में 3200 मीटर से  ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। जिस से तापमान में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है।