हरिद्वार। पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड सरकार ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 124 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इन योजनाओं में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

सरकार ने हरिद्वार के प्रमुख घाटों हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, कांगड़ा घाट और रोड़ी बेलवाला घाट के पुनरुद्धार और संबंधित पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए 50.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड की बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए इन्हें शीर्ष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को छह माह के भीतर जमीन पर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने, समयबद्ध कार्ययोजना और पारदर्शिता पर जोर दिया।

उधर, शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि आगामी कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। हरिद्वार दौरे के दौरान उन्होंने मेला प्रशासन के साथ बैठक कर घाटों, पुलों और पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है।

मंत्री ने कनखल स्थित आश्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम से भेंट कर आशीर्वाद भी लिया। सरकार का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और हरिद्वार की धार्मिक पहचान और मजबूत हो।