रुद्रपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड को देश का प्रमुख बागवानी हब बनाने की दिशा में कई बहु-करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की है। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में बागवानी, आधुनिक कृषि और किसानों की आय बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मुक्तेश्वर में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से सेब, अखरोट, बादाम और अन्य फलों के उच्च गुणवत्ता वाले रोगमुक्त पौधे तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा अल्मोड़ा के चौबटिया में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा। वहीं, न्यूज़ीलैंड के सहयोग से राज्य में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 15 करोड़ रुपये की विशेष कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी नर्सरी स्थापित करने वालों को चार करोड़ रुपये और छोटी नर्सरियों के लिए दो करोड़ रुपये तक की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 65 करोड़ रुपये की फेंसिंग योजना तथा किसानों को सटीक मौसम पूर्वानुमान उपलब्ध कराने के लिए 104 करोड़ रुपये की लागत से स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित करने की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ किसान, उपजाऊ भूमि और आधुनिक कृषि व्यवस्था विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। उन्होंने इन योजनाओं को राज्य के कृषि और बागवानी क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का द्वार बताते हुए किसानों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।