नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने पार्टी से इस्तीफा देने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर दी। उनके साथ सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी पार्टी छोड़ दी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चड्ढा ने कहा कि उन्होंने और उनके सहयोगियों ने संविधान के प्रावधानों के तहत राज्यसभा में  आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्यों के रूप में भाजपा में विलय का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्वाति मालीवाल  और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

चड्ढा ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि AAP अपने मूल सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से भटक गई है। उन्होंने कहा, “मैंने अपने 15 साल इस पार्टी को दिए, लेकिन अब महसूस होता है कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी था।”

वहीं, संदीप पाठक ने कहा कि वह राजनीति में देश सेवा के उद्देश्य से आए थे, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने उन्हें यह निर्णय लेने पर मजबूर किया। उन्होंने अपने किसान पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका मकसद हमेशा देश के लिए कुछ बड़ा करना रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा के बीच मतभेद लंबे समय से चल रहे थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के महीनों में चड्ढा पार्टी के प्रमुख मुद्दों पर अपेक्षाकृत शांत रहे।

हालांकि, AAP नेतृत्व ने इसे सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया बताते हुए किसी बड़े मतभेद से इनकार किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता Sanjay Singh ने कहा कि यह निर्णय जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण का हिस्सा है।