देहरादून। उत्तराखंड-हिमाचल सीमा स्थित कुल्हाल बॉर्डर पर पिछले कुछ दिनों से बना तनाव अब समाप्त हो गया है। चार निहंगों की रिहाई के बाद उनके साथी पंजाब और हरियाणा के लिए रवाना हो गए, जिसके बाद सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तैनात अतिरिक्त पुलिस और अर्द्धसैनिक बल को भी वापस बुला लिया है। हालांकि चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को देखते हुए नियमित सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।
गौरतलब है कि कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद चार निहंगों की गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में निहंग कुल्हाल बॉर्डर तक पहुंचे थे और अपने साथियों की रिहाई की मांग कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ वार्ता के बाद मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा और निहंग वापस लौट गए।
इधर, इस मामले को लेकर की गई बयानबाजी के संबंध में एक यूकेडी नेता के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और यात्राओं के संचालन पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा है।
