खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। खटीमा में राणा थारू समाज ने कथित धर्मांतरण के मामलों को लेकर नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तुषार सैनी से मुलाकात की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि थारू जनजाति के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को विभिन्न प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।

राणा थारू परिषद के प्रवक्ता एवं राणा थारू युवा मंच के अध्यक्ष बयान सिंह राणा ने कहा कि समाज के कुछ लोगों ने ईसाई धर्म अपना लिया है, लेकिन वे अब भी थारू जनजाति के तहत मिलने वाली अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी एसटी श्रेणी से मिलने वाली सुविधाएं समाप्त की जाएं। साथ ही धर्म परिवर्तन के बाद थारू कोटे से निर्वाचित हुए जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस संबंध में वे पूर्व में मुख्यमंत्री से दो बार मिल चुके हैं तथा जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंप चुके हैं। समाज ने राणा थारू युवा मंच और राणा थारू सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी को ऐसे मामलों की पहचान करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

वहीं, एसडीएम तुषार सैनी ने कहा कि राणा थारू समाज की ओर से प्रलोभन देकर धर्मांतरण और धर्म परिवर्तन के बाद भी एसटी सुविधाओं का लाभ लेने की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के माध्यम से क्षेत्र का सर्वे कराया जाएगा और यदि किसी द्वारा सरकारी सुविधाओं का अनुचित लाभ लिया जाना पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान एडवोकेट पूनम राणा, दान सिंह राणा, रविंद्र सिंह राणा, जितेंद्र सिंह राणा तथा मनोज सिंह राणा सहित समाज के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

You missed