पौड़ी जिले में सोमवार को हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मल्ली सतपुली क्षेत्र के पास सड़क चौड़ीकरण में जुटी एक जेसीबी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 120 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

थानाध्यक्ष सतपुली अनिल चौहान के अनुसार, दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। मृतक की पहचान बाबूराम शर्मा (58) पुत्र बलवीर प्रसाद शर्मा निवासी काशीरामपुर, कोटद्वार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जेसीबी हाईवे चौड़ीकरण कार्य में लगी हुई थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन गहरी खाई में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर चालक के शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।