देहरादून। देहरादून के जौलीग्रांट क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना शुक्रवार शाम जौलीग्रांट के पाल मोहल्ले की है, जहां किराए पर रह रहे दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति गोपाल (39) ने अपनी पत्नी प्रतिभा (30) पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के पेट पर दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण शनिवार सुबह उपचार के दौरान प्रतिभा ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है और जौलीग्रांट में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। घटना के बाद मृतका के भाई विवेक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जौलीग्रांट पुलिस चौकी इंचार्ज चिंतामणि मैथानी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।