देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। अब इन कक्षाओं के छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए सरकार की ओर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के दौरान की।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, पलायन, तकनीक और स्वरोजगार समेत उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।

टैबलेट को लेकर घोषणा एक छात्रा की ओर से ऑनलाइन पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधनों की जरूरत का मुद्दा उठाए जाने के बाद हुई। हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए फोन या लैपटॉप जैसी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़ा सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखा। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के जरिए राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ना जरूरी है। सरकार विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उन्हें डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच देने की दिशा में काम कर रही है।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दिए सुझाव

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर के विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भविष्य को लेकर सुझाव मांगे गए थे। इस अभियान में 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण, तकनीक, पलायन और रोजगार जैसे विषय प्रमुख रहे।

सरकार की इस घोषणा से सरकारी स्कूलों के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने के लिए व्यक्तिगत डिवाइस उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, प्रति विद्यार्थी कितनी राशि दी जाएगी और यह राशि कब तक खातों में भेजी जाएगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।