अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की वृद्धि के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया तथा जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने किया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में यह भारी वृद्धि केंद्र सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और आम जनता पर पड़ रहा है, जो पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं।

भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और वह केवल राजस्व बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने इसे “आग में घी डालने” जैसा फैसला बताते हुए तत्काल मूल्यवृद्धि वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट अपने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर विरोध जताने पहुंचीं, जो आंदोलन का मुख्य आकर्षण रहा। इस दौरान अरविंद रौतेला, विनोद वैष्णव, विक्रम फर्त्याल, दीप डांगी, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, गोविंद बाल्टयाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही गैस की बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।