देहरादून। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी जरूरी काम तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को एक साथ किया जा सकता है, उन्हें समानांतर रूप से पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर उपयोग हो सके और कुंभ शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं तैयार रहें।

बैठक में पार्किंग, यातायात, साइनेज, मानव संसाधन और स्थायी व्यवस्थाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने कुंभ क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।

मुख्य सचिव ने यातायात प्रबंधन के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी समय से तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्थायी पुलों के निर्माण की लगातार निगरानी करने और उन्हें नवंबर के अंत तक हर हाल में पूरा करने को कहा गया। सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की भी नियमित समीक्षा कर उन्हें कुंभ शुरू होने से पहले पूरा कराने पर जोर दिया गया।

कुंभ क्षेत्र में बेहतर साइनेज विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। साइनेज में क्यूआर कोड लगाए जाने की बात कही गई है, जिससे श्रद्धालुओं को संबंधित स्थान की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के साथ जरूरी जानकारी मिल सके। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र की अलग-अलग लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित ऐप तैयार करने की संभावना पर भी विचार किया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ के लिए बनाई जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के संचालन और रखरखाव की योजना भी पहले से तैयार की जाए, ताकि मेला समाप्त होने के बाद भी इनका बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा तथा स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सामने आने वाली समस्याओं का विभागों के बीच समन्वय से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

You missed