नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पहचान छिपाकर महिलाओं से दोस्ती करने, आर्थिक व मानसिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर भीमताल निवासी मोहम्मद यूनुस के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग नामों से युवतियों से संपर्क करता था और फोटोग्राफी, वीडियो शूट, हाइकिंग ग्रुप, म्यूजिक सेशन तथा बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियों के जरिए उनसे जुड़ता था। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात आरोपी से एक वीडियो शूट के दौरान हुई थी। शुरुआती दौर में आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाई और खुद को धर्म से ऊपर बताकर विश्वास हासिल किया।
समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन बाद में आरोपी ने बार-बार पैसों की मांग शुरू कर दी। पीड़िता का दावा है कि उसने कैमरा, लेंस, मैक मिनी, मॉनिटर और आईफोन सहित अन्य सामान पर करीब 17 लाख रुपये खर्च किए।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी की बात सामने आने पर आरोपी की वास्तविक पहचान उजागर हुई, जिसके बाद उसने पीड़िता पर खान-पान और पहनावे में बदलाव करने तथा धार्मिक प्रथाएं अपनाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप है।
कोतवाल हेम पंत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और मामलों की भी जांच कर रही है।
