देहरादून। राजधानी दून के परेड ग्राउंड से भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ महाआक्रोश अभियान की शुरुआत करते हुए जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर नकारात्मक रुख के विरोध में इस अभियान की शुरुआत की है। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से इस महत्वपूर्ण अधिनियम का विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है।

रुचि भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रदेशभर में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से दस दिनों तक अभियान चलाकर महिलाओं की आवाज को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा। इसमें महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मोर्चा ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।