Haridwar : दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी के धुएं ने हरिद्वार की हवा को काफी प्रदूषित कर दिया। पिछले एक हफ्ते से धीरे-धीरे बढ़ रहा वायु प्रदूषण दीपावली की रात एकाएक काफी बढ़ गया। अब तक संतोषजनक स्थिति में बना हुआ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) एक ही दिन के भीतर 53 अंक की बढ़ोतरी के साथ 168 दर्ज किया गया।

पटाखों के चलते प्रदूषण का यह असर PM-10 के आंकड़ों में भी स्पष्ट दिखा, जिसका स्तर 24 घंटे में लगभग दोगुना दर्ज हुआ। हालांकि, बीते वर्ष दीपावली के अवसर पर AQI 190 तक पहुंच गया था, जो इस बार के आंकड़े से 22 अंक ज्यादा था।

Haridwar : PM-10 के स्तर पर सबसे जायदा बढ़ोतरी

ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज (देवपुरा) में बने वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, 1 नवंबर को हरिद्वार का AQI 90 दर्ज हुआ था। इसके बाद इसमें लगातार वृद्धि देखी गई—2 नवंबर को 93, 3 नवंबर को 95, 4 नवंबर को 96 और 5 नवंबर को 97 रिकॉर्ड किया गया।

त्योहार से दो दिन पूर्व 6 नवंबर को AQI 110 और 7 नवंबर को 115 पर रहा, जबकि 8 नवंबर यानी दीपावली की रात यह 168 के आंकड़े पर पहुंच गया। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी PM-10 के स्तर में देखने को मिली।

7 नवंबर को जहां PM-10 का स्तर 105.23 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, वहीं दीपावली की रात यह 201.54 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ, जो महज एक दिन में करीब 92 प्रतिशत का उछाल है। इसी प्रकार PM-2.5 का स्तर भी 64.56 से बढ़कर 75.46 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया।

इसके अलावा सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड की मात्रा में भी वृद्धि रिकॉर्ड की गई है। डॉक्टरों का कहना है कि हवा की ‘मध्यम श्रेणी’ भी दिल और सांस के मरीजों, बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकती है।

Also Read : News : व्हाइट हाउस में ट्रंप ने मनाई दिवाली, भारतीय प्रवासियों को तोहफे में मिली हनुमान चालीसा