देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने वर्ष 2026-27 के लिए 11 भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित की गई हैं। कैलेंडर जारी होने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी और परीक्षा की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, सबसे पहले उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 (कला वर्ग) की मुख्य परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।

नए साल 2027 में भी कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 6 जनवरी को नैनीताल हाईकोर्ट में वैयक्तिक सहायक (पर्सनल असिस्टेंट)-2025 की परीक्षा होगी। इसके बाद 30 जनवरी को प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 (गृह विज्ञान) की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।

अप्रैल से जुलाई 2027 के बीच विभिन्न विभागों की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 25 अप्रैल को कर एवं राजस्व निरीक्षक की लिखित परीक्षा, 1 और 2 मई को पशु चिकित्साधिकारी की परीक्षा तथा 8 से 14 मई तक सहायक अभियंता (एई) की मुख्य परीक्षा शामिल है। इसके अलावा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 30 मई को और समीक्षा अधिकारी (लेखा)/सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) की परीक्षा 6 जून 2027 को प्रस्तावित है। वहीं, कनिष्ठ अभियंता (जेई) की मुख्य परीक्षा 26 जून से 1 जुलाई 2027 तक आयोजित की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कैलेंडर में दी गई सभी तिथियां संभावित हैं। प्रशासनिक या अन्य अपरिहार्य कारणों से इनमें बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी, प्रवेश पत्र और अन्य अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर नजर बनाए रखें।

You missed