देहरादून। उत्तराखंड में सड़क निर्माण के बाद विभिन्न विभागों की ओर से की जाने वाली बार-बार खुदाई और खराब मरम्मत की समस्या पर अब सरकार सख्त रुख अपनाने जा रही है। प्रदेश में सड़कों की कटिंग, खुदाई और उनके पुनर्निर्माण से जुड़े कार्यों की निगरानी अब शासन स्तर पर की जाएगी। इसका उद्देश्य नई बनी सड़कों को बार-बार खोदने से रोकना और मरम्मत के बाद उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

दरअसल, प्रदेश में सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही पेयजल लाइन, सीवर, बिजली और अन्य सुविधाओं के लिए अलग-अलग विभाग सड़कें खोद देते हैं। इससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी होती है, बल्कि आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह खुदाई के बाद सड़कों को ठीक से दुरुस्त नहीं किया जाता, जिससे गड्ढे और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

इस समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से नई सड़क कटान नीति तैयार की गई है। इसके तहत सड़क खोदने की अनुमति देने, खुदाई के कार्यों की समयसीमा तय करने और काम पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व की स्थिति में बहाल करने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में सड़क कटान के लिए वर्ष में केवल जनवरी और दिसंबर का समय निर्धारित किया गया है। विशेष परिस्थितियों में जिलाधिकारी की अनुमति आवश्यक होगी।

नई व्यवस्था में सड़क खोदने वाले संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। सड़क को पहले जैसी स्थिति में बहाल करने के साथ ही निर्माण के बाद दो साल तक उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी को उठानी होगी। इसके लिए बैंक गारंटी और लिखित आश्वासन लेने का भी प्रावधान प्रस्तावित है।

इसके अलावा जहां मल्टी यूटिलिटी डक्ट (एमयूडी) की सुविधा उपलब्ध होगी, वहां अलग-अलग विभागों को बार-बार सड़क खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे एक ही सड़क पर बार-बार होने वाली खुदाई पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

सरकार की इस पहल से सड़क निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने, सार्वजनिक धन की बचत करने और लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद है।

You missed