देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी करने और चुनावी अभियान शुरू करने के बीच कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में भाजपा सरकार को घेरने के लिए बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, पलायन और स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाएगी। पार्टी का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच अपनी बात पहुंचाना है।

कुमारी सैलजा ने नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। पार्टी की ओर से विधानसभा क्षेत्रों को अलग-अलग जोन में बांटकर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने की भी तैयारी है।

कांग्रेस आगामी चुनाव में राष्ट्रीय नेतृत्व को भी प्रचार अभियान में उतारने की तैयारी कर रही है। इसके तहत राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गढ़वाल और कुमाऊं में, जबकि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हरिद्वार में जनसभा कराने पर चर्चा हुई है।

इसके अलावा दो दिसंबर को हरिद्वार में प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी है। इसमें संगठन की आगामी गतिविधियों और चुनावी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी।

वहीं, भाजपा सरकार की ओर से पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखे जाने के बीच कांग्रेस ने सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाने और उसकी कथित विफलताओं को चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति तैयार की है। ऐसे में उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक मुकाबला तेज होने के आसार हैं।

You missed